बाराबंकी। आत्मरक्षा के लिए छात्राओं ने जैसे ही जरूरी दांव-पेच सीखे, उनके चेहरों पर मुस्कान और आंखों में गजब का आत्मविश्वास नजर आया। रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण अभियान के तहत कोठी के पूरे रुद्र के एक निजी महाविद्यालय में छात्राओं के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनाते हुए हर परिस्थिति में स्वयं की सुरक्षा के लिए तैयार करना रहा।
कार्यशाला में डिफेंस ताइक्वांडो अकादमी के कोच नितेश सिंह और ट्रेनर नाजिया खातून ने अमित विक्रम, सम्राट पटेल और प्राची रावत के साथ छात्राओं को अचानक होने वाले हमलों से बचाव के व्यावहारिक गुर सिखाए। प्रशिक्षकों ने विभिन्न परिस्थितियों का जीवंत प्रदर्शन (डेमो) करते हुए बताया कि संकट के समय घबराने के बजाय संयम, साहस और त्वरित निर्णय लेकर कैसे हमलावर को पछाड़ा जा सकता है। महाविद्यालय की डायरेक्टर डॉ. सविता वर्मा व संरक्षक मिथलेश वर्मा ने छात्राओं की हौसला अफजाई की।