फतेहपुर (बाराबंकी)। उपनिबंधक कार्यालय के प्रस्तावित स्थानांतरण को रोकने के लिए अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। एसडीएम, तहसीलदार व पीडब्ल्यूडी के अभियंता ने अधिवक्ताओं के साथ प्रस्तावित भूमि व अन्य स्थानों का निरीक्षण भी किया। लेकिन दोनों ही पक्षों में हुई बातचीत एक बार फिर बेनतीजा रहने से अधिवक्ताओं का आंदोलन खत्म नहीं हुआ।
तहसील फतेहपुर में उपनिबंधक कार्यालय की प्रस्तावित भूमि पर कार्यालय का निर्माण कराए जाने को लेकर अधिवक्ता धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते दिनों अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधि मंडल जिलाधिकारी से भी मिला था। इसके बाद सोमवार को एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा, तहसीलदार वैशाली अहलावत व पीडब्ल्यूडी के अभियंता उदित भटनागर ने प्रस्तावित भूमि का अधिवक्ताओं के साथ निरीक्षण किया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने पुरानी कचहरी में उपनिबंधक कार्यालय का निर्माण कराए जाने को लेकर दो स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। लेकिन अधिकारियों व अधिवक्ताओं के बीच हुई बातचीत में जगह के निर्धारण को लेकर कोई समाधान नहीं हो सका।
बार अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम ने बताया कि जब तक समुचित समाधान नहीं निकलता है तब तक वकीलों का कार्य बहिष्कार व आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर महामंत्री संजय सिंह, हरिनाम सिंह वर्मा, राजीव नयन तिवारी, ओमप्रकाश यादव, अलीउद्दीन शेख, मनीष श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।