बाराबंकी। जिला अस्पताल में इलाज को आए मरीजों को भीड़ के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। परचा बनवाने, डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में ही उनका काफी समय बीत गया। वहीं कई मरीजों को बिना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ा।
जिला अस्पताल की ओपीडी में शुक्रवार को 1563 मरीज देखे गए। सर्दी, जुकाम, बुखार के 421, हड्डीरोग के 329, बदन दर्द के 378, त्वचारोग के 459 मरीज सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों ने इलाज कराया। अस्पताल में मिले रामनिहोर, कौशलेंद्र, कामता, मालती ने बताया कि सुबह नौ बजे से परचा बनवाने के लिए लाइन में लगे थे। करीब एक घंटे में जाकर परचा बन सका। इसके बाद डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने में करीब दो घंटे लग गए। इन लोगों ने बताया कि जब जांच कराने पहुंचे तो वहां पर पैथोलॉजी में मौजूद कर्मियों ने समय पूरा होने की बात कहकर वापस कर दिया। इससे हम लोगों की जांच नहीं हो पाई। मोहन, जयचंद, अब्दुल ने बताया कि भीड़ के चलते हम लोगों को एक्सरे और अल्ट्रासाउंड के लिए करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा, तब जाकर नंबर आया। सीएमएस डॉ. जेपी मौर्य ने बताया कि मौसम में उतार चढ़ाव की वजह से सर्दी, जुकाम, बुखार और त्वचारोग के मरीज इन दिनों सबसे ज्यादा आ रहे हैं। सभी को इलाज मिले इसका पूरा प्रयास रहता है।
नेटवर्क ने किया परेशान
परचा बनवाने के लिए लाइन में लगे मरीजों को परचा बनवाने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। लाइन में लगे राजेंद्र, हौसिला प्रसाद, भानू प्रताप ने बताया कि किसी को हाथ से परचा बनाकर दिया गया तो किसी को कंप्यूटर से। जानकारी पर कर्मियों ने बताया नेटवर्क काफी धीमे चल रहा था और भीड़ अधिक थी इस वजह से ऑन लाइन और ऑफ लाइन परचे बनाकर मरीजों को दिए गए, जिससे मरीजों को असुविधा न हो।