बाराबंकी। कोठी क्षेत्र के लालापुरवा गांव में बृहस्पतिवार को घर में घुसकर एक महिला की गला रेतकर हुई हत्या के खुलासे में पुलिस जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में पूरा मामला आशनाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि राजकुमारी की हत्या आशनाई के चक्कर में हुई है। इस मामले में पुलिस तीन संदिग्धों से पूछताछ करने में भी जुटी है।
लालापुरवा गांव निवासी बिहारी मजदूर सूरज लाल बृहस्पतिवार को काम के सिलसिले में बाराबंकी गया था। शाम को जब वह घर लौटा, तो अंदर पत्नी राजकुमारी का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। महिला की हत्या गर्दन को किसी धारदार हथियार से रेत कर की गई थी। हत्या का खुलासा पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
मृतका का पति सूरजलाल भी यह नहीं बता पा रहा है कि इस वारदात के पीछे किसका हाथ हो सकता है। पुलिस मृतका और उसके पति की पृष्ठभूमि, पारिवारिक संबंधों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जुटी टीम हर एंगल को ध्यान में रखकर छानबीन में जुटी हैं। भरोसा दिलाया कि जल्दी इस हत्याकांड का खुलासा हो जाएगा।