बाराबंकी। शहर के केडी सिंह बाबू स्टेडियम मे खेले जा रहे 14वें चौधरी आसिफ अली मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को बाराबंकी व सुल्तानपुर की टीमों के बीच हुआ। सुल्तानपुर ने बाराबंकी को 21 रनों से हराकर पहली बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सुल्तानपुर की टीम 116 पर सिमट गयी। सुलतानपुर की तरफ से बल्लेबाज शिवम ने 34 व अभिनव ने 23 रन बनाये। बाराबंकी की तरफ से कृतज्ञ, कुलदीप व शिवम ने 2-2 विकेट प्राप्त किये। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बाराबंकी की टीम की सलामी जोड़ी ने 34 रनों की अच्छी शुरुआत की लेकिन इसके बाद सुलतानपुर के गेंदबाज लगातार विकेट लेते रहे। आखिर में एक कांटे के मुकाबले में बाराबंकी की टीम 94 रनों पर सिमट गयी।
बाराबंकी की तरफ से कप्तान सत्यम ने सर्वाधिक 32 रन बनाये। सुलतानपुर की तरफ से सुमित सिंह ने 3, अभिनव ने 2 व कप्तान सुधांशु ने 2 विकेट अपने नाम किये। ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार अभिनव को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने विजेता ट्रॉफी सुलतानपुर के कप्तान को प्रदान की।