बाराबंकी। बीमारी से परेशान एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के पास सुसाइड नोट भी मिला है। आत्महत्या के लिए उसने किसी को दोषी नहीं ठडराया है।
पुलिस के मुताबिक रामसनेहीघाट क्षेत्र के ग्राम मालिनपुर निवासी रमेश सिंह कई वर्ष से लखनऊ के स्थित लोहिया अस्पताल से इलाज करा रहा था। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वह बहुत परेशान था। परिवारीजनों के मुताबिक बुधवार शाम रमेश घर के बाहर दिखा था। गुरुवार को उसकी बेटी सीमा सिंह ने ससुराल से रमेश सिंह को फोन किया लेकिन कॉल रिसीव न होने वह पति के साथ गांव पहुंची। घर के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। ग्रामीणों के सहयोग से दरवाजा तोड़ा तो अंदर कोने में रमेश का शव छत के कुंडे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कुंडे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक दवाई के पर्चे के पीछे सुसाइड नोट लिखा मिला। रमेश ने बीमारी से परेशान होकर आत्महत्या करने तथा इसके लिए किसी को दोषी न ठहराने की बात लिखी। रमेश का बेटा विशाल दिल्ली में नौकरी करता है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। कोतवाल आलोकमणि त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ जांच की जा रही है।