बाराबंकी। शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को जिला विज्ञान क्लब की ओर से जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी व प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न कॉलेजों के बच्चों ने 116 मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें से जीआईसी बाराबंकी के छात्र राहुल की ओर से बनाए गए पावर एंप्लीफायर को प्रथम स्थान मिला, जबकि जीजीआईसी की छात्रा शगुन को द्वितीय और रफी मेमोरियल इंटर काॅलेज की मानसी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। विजेताओं को नकद पुरस्कार के रूप में डेमो चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद उपेंद्र रावत, डीआईओएस ओपी त्रिपाठी, लेखाधिकारी संतोष कुमार मौर्य, प्रधानाचार्य जीआईसी राधेश्याम ने मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। सांसद ने कहा कि विद्यार्थियों में कल्पनाशीलता से अपने आसपास की समस्याओं के निदान के लिए वैज्ञानिक सोच के साथ किए गए प्रयास ही एक उत्कृष्ट मॉडल के रूप में प्रदर्शित होते हैं।
मंडल स्तर पर भेजे जाने के लिए जीआईसी बाराबंकी के आमिर, हिमांशु, तरुण, श्रीराम विलास स्मारक जनता इंटर कॉलेज नसीपुर के उत्कर्ष मिश्र, राज अभिषेक, अंकित, आकाश यादव, शिवराम सिंह इंटर कॉलेज के तन्मय, अक्षत, वारिस चिल्ड्रेंस एकेडमी के विप्रार्क, सम्यक, जनता इंटर कॉलेज बदोसराय के आकाश त्रिपाठी तथा नेशनल कॉलेज फतेहपुर के अबू बकर के मॉडल का चयन किया गया है।
ये मॉडल किए गए प्रदर्शित
हाइड्रोलिक फ्लाइट लांचर, यू वी रूम सैनिटाइजर,स्वचालित गेहूं धोने की मशीन, ऑटोमेटिक स्ट्रीट लाइट,हेयर ड्रायर,स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक, हाइड्रोलिक ब्रेक, अर्थ क्वेक अलार्म, भूसा धूल पृथक्करण यंत्र, रोबोटिक गन, स्मार्ट डस्टबिन ,सिटी ट्रैफिक सॉल्यूशन, सोलर पावर इरिगेशन सिस्टम आदि मॉडल प्रदर्शित किए गए।