बाराबंकी। साइकिल से कोचिंग जा रही एक छात्रा की मंगलवार शाम मसौली इलाके में हुए हादसे में जान चली गई। सिद्धौर क्षेत्र में मंगलवार सुबह स्कूल जा रही एक छात्रा कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे ग्रामीणों ने सीएचसी कोठी में भर्ती कराया।
पुलिस के मुताबिक मसौली क्षेत्र के ग्राम गेंदौरा निवासी निशा (17) पुत्री राम किशोर मंगलवार शाम साइकिल से कोचिंग पढ़ने बिंदौरा जा रही थी। क्षेत्र के एक कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा निशा को बहराइच हाईवे पर नहामऊ गांव के पास बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई है। थानाध्यक्ष संतोष सिंह का कहना है कि छात्रा को टक्कर मारने वाले बाइक सवार के बारे में जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धौर क्षेत्र के ग्राम मांदू निवासी शशिकांत की पुत्री अंकिता एचएलबी पब्लिक स्कूल कोठी में कक्षा-11 की छात्रा है। मंगलवार सुबह आठ बजे स्कूल जाते समय छतौनी मोड़ पर छात्रा को बाराबंकी की ओर से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय ग्रामीणों ने छात्रा को सीएचसी में भर्ती कराया और परिवारीजनों से सूचना दी।