बाराबंकी। क्षेत्र की ग्राम पंचायत खरिकाफूल निवासी मजदूर प्रीतम (24) की पानीपत में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी।
प्रीतम पत्नी के साथ पानीपत में रहकर मजदूरी करता था। मौत के बाद सोमवार को शव गांव पहुंचा। गले पर चोट के निशान देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने से मामला गंभीर हो गया है।
सीओ रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि घटना हरियाणा के पानीपत में हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर पानीपत पुलिस से संपर्क किया जाएगा। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।