बाराबंकी। शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में अनियमितताओं के मामले में एसटीएफ ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर टीम अचानक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंची। लेकिन डीआईओएस कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इसके बाद एसटीएफ अधिकारी सीधे लेखाधिकारी संतोष कुमार मौर्य के कक्ष में पहुंच गए। टीम की मौजूदगी और पूछताछ से पूरे कार्यालय में सनसनी मच गई। कई कर्मचारी पटल छोड़कर जाते नजर आए। एसटीएफ ने कार्यालय में नोटिस रिसीव कराने के साथ संबंधित अभिलेखों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद एसटीएफ टीम सीधे सिटी इंटर कॉलेज पहुंची। यहां करीब तीन घंटे तक रिकॉर्ड खंगाले गए और कई बिंदुओं पर पूछताछ की गई। प्रधानाचार्य शिवचरण गौतम ने नोटिस मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें, बाबू सलीम और डीआईओएस को आठ मई को एसटीएफ कार्यालय में बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। (संवाद)