बाराबंकी। अयोध्या मंडल की मंडलीय खेलकूद रैली का आयोजन इस बार अंबेडकर नगर में होने जा रहा है। 27 और 28 नवंबर को एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस दो दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में मंडल के पांचों जिलों के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे। बाराबंकी जिले की खेल टुकड़ी भी इस महामुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।
मंडलीय व्यायाम शिक्षिका रितू पाठक ने बताया कि बाराबंकी से खो-खो, कबड्डी, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, पीटीई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की टीमें हिस्सा लेंगी। यह सभी टीमें 26 नवंबर को अंबेडकर नगर के लिए रवाना होंगी। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में विशेष ऊर्जा और जोश का माहौल है। कोच और शिक्षकों की देखरेख में सभी खिलाड़ी अपने अभ्यास को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। उम्मीद है कि बाराबंकी के युवा इस मंडलीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाएंगे।
इस मंडलीय रैली में अयोध्या मंडल के पांच प्रमुख जिले हिस्सा ले रहे हैं। इन जनपदों में बाराबंकी, अंबेडकर नगर, अयोध्या, सुल्तानपुर और अमेठी शामिल हैं। इन पांचों जिलों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे।