बाराबंकी। दिवाली और छठ पर्व पर घर लौटने वालों की भीड़ से बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर अव्यवस्था व अफरातफरी का माहौल है। हालात यह हैं कि नियमित ट्रेनों से लेकर स्पेशल ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं है। प्लेटफाॅर्म पर इतनी भीड़ है कि यात्रियों को खड़े होने में भी मुश्किल हो रही है। भीड़ को देखते हुए 30 अक्तूबर तक प्लेटफाॅर्म टिकटों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।
बाराबंकी स्टेशन पर करीब 50 से अधिक ट्रेनों का ठहराव होता है। भीड़ का सबसे ज्यादा दबाव बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली ट्रेनों पर है। इनमें 45 से अधिक प्रमुख ट्रेनों में नो रूम, वेटिंग 300 को पार करती दिखी।
शनिवार को धनतेरस के दिन जैसे ही कोई ट्रेन प्लेटफाॅर्म पर आती तो यात्रियों में चढ़ने को लेकर धक्का मुक्की शुरू हो जाती है। कई यात्रियों के परिवार के सदस्य अलग-अलग डिब्बों में चढ़ते देखे गए। निर्माणाधीन स्टेशन पर यात्रियों के बैठने व लेटने की समुचित व्यवस्था नहीं है। वहीं शौचालय की कमी से महिलाएं और बच्चे परेशान दिखे। हाल यह थे कि 05325 गोमतीनगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस पूजा विशेष गाड़ी, जो रात 00.15 बजे गोमतीनगर से रवाना हुई, में बाराबंकी से सवार होने वाले यात्रियों को जगह नहीं मिली। 09430 गोरखपुर-साबरमती पूजा विशेष गाड़ी में भी सभी कोच फुल रहे। स्टेशन अधीक्षक अरुण रायजादा ने बताया कि अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग 200 से 300 तक थी। कई में 300 के भी पार पहुंच गई है।