क्षेत्र के मरकामऊ स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में उस समय हड़कंप मचा गया, जब बैंक के लॉकर रूम में एक सांप दिखाई दिया। सांप को देखकर लॉकर में मौजूद कर्मचारी कार्य को छोड़ कर भाग खड़े हुए। इस अफरातफरी के बीच करीब एक घंटे तक बैंक का कार्य पूर्ण रूप से प्रभावित रहा।
बैंक प्रबंधक ने आननफानन में लॉकर को बंद कराकर सपेरों को बुलाकर सांप को पकड़वाया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बुधवार की सुबह करीब 11 बजे कस्बे के मरकामफ स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में सांप के निकलने से उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गई।
लॉकर रूम में सांप देख वहां मौजूद कर्मचारी जान बचाने के लिए भाग खड़े हुए। कर्मचारियों को बाहर भागते देख कोई कुछ समझ पाता कि इसके पहले बैंक परिसर में मौजूद अन्य कर्मचारी व उपभोक्ता भी बैंक परिसर से बाहर आ गए।
बैंक प्रबंधक ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सांप पकड़ने वाले ग्राम पुरनिया निवासी रामकुमार मिश्र को बुलाकर सांप को पकड़वाया। जिसके बाद कर्मचारियों व उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली।
बैंक प्रबंधक पवन कुमार निगम ने बताया कि सुबह जैसे ही बैंक का ताला खोला गया स्टोर रूम में सांप घुस गया। जिससे करीब एक घंटे तक कार्य बाधित रहा। सपेरे को बुुलाकर सांप को पकड़वाया गया है।