जहांगीराबाद (बाराबंकी)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान महुआमऊ में शनिवार को आयोजित रोजगार मेले में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। रोजगार की तलाश में आए इन युवाओं के चेहरों पर उम्मीद की चमक साफ दिखाई दे रही थी। जैसे ही चयन सूची जारी हुई, चयनित अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। टाटा कंपनी द्वारा आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में कुल नौ अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया जिनमें से छह का चयन किया गया।
रोजगार मेले में चयन प्रक्रिया ऑनलाइन रही लेकिन युवाओं में जोश देखने को मिला। रोजगार मेला अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों की कॅरिअर काउंसिलिंग की। इसमें रोजगार की बदलती संभावनाओं और तकनीकी दक्षता के महत्व पर विस्तृत चर्चा की। प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों को मेहनत और लगन से कार्य करने की प्रेरणा दी।
अच्छी मिली थी ट्रेनिंग, आत्मविश्वास से दिया जवाब
इंटरव्यू में कई तकनीकी सवाल पूछे गए थे लेकिन संस्थान में मिली ट्रेनिंग की वजह से मैं आत्मविश्वास से जवाब दे पाया। आज का दिन मेरे लिए यादगार रहेगा। घरवालों ने हमेशा हौसला बढ़ाया और गुरुजनों ने सही मार्गदर्शन दिया। आज चयनित होकर बहुत अच्छा लग रहा है।
- मृत्युंजय ठाकुर, चयनित अभ्यर्थी
मेहनत रंग लाई
कई महीनों से तैयारी कर रहा था। लगातार मेहनत की और आज उसका फल मिल गया। पहले कई जगह इंटरव्यू दिए लेकिन सफलता नहीं मिली थी। माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के मार्गदर्शन से ही यह संभव हो पाया है। आज का दिन मेरे लिए यादगार रहेगा।
- प्रिंंस कुमार, चयनित अभ्यर्थी