बाराबंकी। गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने के कारण अक्सर ट्रांसफार्मर फुंक जाते हैं जिससे लोगों को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ता है। ट्रांसफार्मर बदलने में देर होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है लेकिन अब शहर में छह ट्राॅली ट्रांसफार्मर तैयार रहेंगे। ट्रांसफार्मर फुंकने पर इनसे तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।
बाराबंकी डिवीजन में ट्राॅली ट्रांसफार्मर की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्र मौर्य ने बताया कि डिवीजन के 90 स्थायी ट्रांसफार्मरों पर अनुरक्षण कार्य किया जा रहा है। यह कार्य इसलिए किया जा रहा है ताकि गर्मी के मौसम में ट्रांसफार्मरों के फुंकने की घटनाओं को कम किया जा सके और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए पावर कार्पोरेशन पूरी तरह सतर्क है और संभावित समस्याओं के समाधान के लिए अग्रिम तैयारियां की जा रही हैं।