बाराबंकी में सोमवार को मसौली क्षेत्र में हुई दुर्घटना में मृत महिला के पोस्टमार्टम हाउस में मौजूद गमगीन परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
जिले मेें अलग-अलग थानाक्षेत्रों में हुए हादसों में एक महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकोें में दो लोगों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। एक मृतक रायबरेली के बंछरावा क्षेत्र का निवासी पान मसाला का व्यापारी है। शहर कोतवाली, देवा, मसौली थाना क्षेत्र में हुए इन हादसोें में मरने वालों के शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पहला हादसा शहर कोतवाली में हाईवे बाईपास पर बड़ेल इलाके मेें हुआ। यहां पर रविवार देर रात पैदल जा रहे पान मसाला व्यापारी पुष्कर मिश्रा(44) निवासी ग्राम सुदौली थाना बंछरावा जिला रायबरेली को वाहन ने टक्कर मार दिया। घायल व्यापारी को लोगोें ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी मौत हो गई।
कोतवाल बीपी यादव ने बताया कि मृतक व्यापार मूलरूप से रायबरेली निवासी थे लेकिन लखनऊ के गोमतीनगर मेें रहकर व्यापार करते थे। वहीं कोतवाली क्षेत्र में ही बड़ेल के पास हाईवे बाईपास पर रविवार देर रात सड़क पार कर रहे 40 वर्षीय युवक को वाहन ने टक्कर मार दिया। युवक की मौके पर ही मौत गई।
मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। देवा कोतवाली क्षेत्र में कटेहरीपुरवा गांव के पास रविवार की देर रात बाइक से जा रहे अमरेश यादव(40) निवासी ग्राम रिछना थाना कुर्सी की बाइक में किसी वाहन ने टक्कर मार दिया। इस हादसे मेें अमरेश की मौत हो गई।
मसौली थानाक्षेत्र में भयारा के पास रविवार की देर रात हुए हादसे मेें बाइक से पुत्र नीरज के साथ जा रहे रामलखन निवासी ग्राम अंबावा थाना घुंघटेर की पत्नी उर्मिला देवी की साड़ी अचानक बाइक की पहिया में फंस गई।
इसके चलते उर्मिला सड़क पर आ गिरी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मसौली कस्बे के समीप सोमवार की दोपहर साइकिल से जा रहे 50 वर्षीय एक वृद्ध को कल्यानी नदी पुल के पास गोंडा मार्ग पर बस ने टक्कर मार दिया। वृद्ध की मौत हो गई।
कोतवाली बदोसराय के पास कोटवा धाम के पास एक कार सवार ने नेहा (10) पुत्री अल्लू निवासी ग्राम बनवा थाना उमरीबेगज गोंडा व उनके साथ रही शिवप्यारी(14) को टक्कर मार दिया। नेहा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शिवप्यारी गंभीर रूप से घायल हो गई।