छेदा निवासी उमेश मिश्रा भिरिया गांव में पोस्टमैन थे। मंगलवार को इसी गांव को जाने वाली सड़क के गौसापुर मोड़ के पास वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले थे। देवा सीएचसी में चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में इसे अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत का मामला माना गया। घटना के तीसरे दिन मृतक के पुत्र आदित्य मिश्रा ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई।
आदित्य का आरोप है कि उमरी निवासी विपुल, भाई विपिन व तरुण, कांत, नैतिक, विनीत और कुछ अज्ञात लोगों ने उनके पिता की बाइक रोक कर भारी चीज से हमला कर हत्या कर दी। वहीं पुलिस के अनुसार वर्ष 2017 में उमरी निवासी विपुल के पिता सीताराम की हत्या के मामले में उमेश मिश्रा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। हालांकि इस मामले में उमेश पर आरोप सही साबित नहीं हो पाया था। पुलिस रंजिश को भी जांच में शामिल कर रही है।
एसएचओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। काॅल डिटेल व लोकेशन खंगालते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।