सिद्धौर (बाराबंकी)। नगर पंचायत सिद्धौर का कार्यालय अब सड़क किनारे खुले स्थान में बनेगा। इसके निकट ही कल्याण मंडप व डिजिटल लाइब्रेरी भी बनेगी। इस आशय का एक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। सिद्धौर नगर पंचायत का चयन नगरोदय योजना में किया गया है। इसके चलते अब यहां आधुनिक और वैश्विक स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मौजूदा समय नगर पंचायत कार्यालय काफी घनी आबादी के मध्य स्थित है। इस कारण कार्यालय तक पहुंचने के लिए आवागमन में काफी परेशानी होती है। इस परेशानी को दूर करने के लिए ही कार्यालय का भवन मुख्य मार्ग किनारे बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया है। सड़क किनारे कार्यालय भवन बनने से जरूरतमंद आसानी से कार्यालय भवन पहुंचकर कर अपनी समस्याओं का निस्तारण करा सकेंगे।
पंचायत कार्यालय के समीप ही जनसमुदाय के उपयोग के लिए कल्याण मंडपम व डिजिटल लाइब्रेरी बनवाने का प्रस्ताव भी किया गया है। अधिशासी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान कार्यालय तंग गली में स्थित है। इस कारण आम लोगों को यहां तक पहुंचने में होने वाली परेशानी के साथ ही प्रशासनिक काम काज भी प्रभावित होते हैं। नगरोदय योजना के तहत मुख्य सड़क पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त कार्यालय बनने से जनसमुदाय को इसका पूरा फायदा मिल सकेगा।