कई दिन से चल रही सराफा बाजार की हड़ताल के चलते कारोबार ठप होने के सदमे में एक सराफा व्यापारी की हार्टअटैक पड़ने से मौत हो गई।
शहर के घंटाघर निवासी सराफा व्यापारी की मौत से अन्य व्यापारियों में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, मृतक के परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शहर में घंटाघर के पास रहने वाले सराफा व्यापारी आनंद प्रकाश गुप्ता (65) को सोमवार सुबह अचानक दिल का दौरा पड़ गया।
परिवारीजन जब तक अस्पताल लेकर जाते तब तक व्यापारी ने दम तोड़ दिया। मृतक आनंद प्रकाश के परिवार में दो पुत्र आशीष गुप्ता व गुल्लू गुप्ता हैं।
सराफा कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी ने बताया कि सराफा कारोबारियों के हड़ताल के चलते आनंद प्रकाश काफी परेशान थे।
व्यापारियों का कहना है कि कई दिन से दुकान बंद होने के चलते कारोबार प्रभावित होने से आनंद प्रकाश काफी परेशान थे। इसी वजह से हार्ट अटैक होने से उनकी मौत हो गई।
व्यापारी के निधन पर आदर्श व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता बब्बी, रविनन खंजाची, विनोद गाबा, चरनजीत सिंह, नीरज गुप्ता, अनिल रस्तोगी, हर्ष टंडन, प्रदीप पांडेय, सुनील त्रिवेदी आदि ने शोक संवेदना व्यक्त की है।
उधर, उत्पाद कर के विरोध में चल रहे आंदोलन के चलते सोमवार को भी सराफा दुकानें बंद करके व्यापारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।