सूरतंगज (बाराबंकी)। कस्बे के मौसंडा गांव के मैदान में शुक्रवार की रात मौसंडा नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हुआ, जिसमें 16 टीमों ने भाग लिया। इसमें चार टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचीं। सेमीफाइनल मुकाबला एसटी इलेवन एवं शेखपुर टीम के मध्य हुआ। इसमें एसटी इलेवन ने पहली पारी खेलकर बिना विकेट के 54 रन बनाए। जवाब में उतरी शेखपुर की टीम ने चार ओवर में कोई विकेट न खोकर 56 रन बनाए। जीत के साथ शेखपुर की टीम फाइनल में पहुंच गई।
दूसरा मैच विनय इलेवन और कस्बा सूरतंगज के मध्य खेला गया। टाॅस जीत कर बैटिंग के लिए उतरी विनय इलेवन टीम एक विकेट खोकर 23 रन ही बना सकी। छोटा सा लक्ष्य हासिल करने उतरी सूरतंगज के टीम ने सात विकेट खोकर 24 रन बनाकर मैच जीत लिया। तत्पश्चात फाइनल मैच हुआ, जिसमें शेखपुर और मीरपुर की टीमों ने प्रतिभाग किया। मीरपुर की टीम ने टाॅस जीत कर बैटिंग करने का निर्णय लिया। टीम ने चार विकेट खोकर 54 रन का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य हासिल करने के उद्देश्य से मैदान में उतरी शेखपुर टीम ने दो विकेट गंवा कर 56 रन बनाए। शेखपुर की टीम ओवर ऑल चैंपियन रही। सबसे श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राहुल मौर्य ने 46 रन बनाए तो अरिंजय ने हैट्रिक लगा चार विकेट भी लिए। टूर्नामेंट में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार रामकृष्ण शर्मा को मिला। उन्होंने पूरे मैच में 96 रन बना करके सात विकेट भी झटके। वहीं इस श्रृंखला में मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार नितिन मौर्या को दिया गया। इस मौके पर राहुल मौर्या, विशु और जितेंद्र मौर्य आदि मौजूद रहे।