बाराबंकी। अयोध्या जिले के मवई क्षेत्र की एक महिला ने पहले पति को छोड़कर दरियाबाद थाने के एक गांव निवासी व्यक्ति से दूसरा विवाह किया। विवाह के बाद वह पहले पति से जन्मे अपने पुत्र के लिए दूसरे पति से ढाई बीघा जमीन का बैनामा मांगने लगी। जमीन न मिलने पर मायके चली गई और गुजारा भत्ता का मुकदमा पारिवारिक न्यायालय में दायर कर दिया।
चार साल तक चले इस मुकदमे में आखिरकार जीत पति की हुई। अदालत ने महिला को संपत्ति का लोभी मानते हुए उसके गुजारे भत्ते के दावे को निरस्त कर कर दिया। चार सितंबर 2021 को मवई क्षेत्र की महिला ने फैमिली कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा कि पहले पति से विवाद के बाद उसका अलगाव हो गया था। पहले पति से उसका एक पुत्र भी है। आठ साल पहले उसने दूसरा विवाह किया। दूसरे पति से भी उसका एक पांच साल का पुत्र है। महिला ने याचिका में कहा कि दूसरे पति ने उसका व उसके पहले पति से जन्मे बच्चे की देखभाल का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में मुकर गया। इसलिए वह मायके में आकर रहने लगी। रोजगार का कोई हुनर नहीं जानने के कारण उसे पति से 20 हजार रुपये प्रतिमाह गुजार भत्ता दिलाया जाए।
दूसरे पति ने इसके जवाब में कोर्ट को बताया कि महिला के पहले पति से जो बच्चा है, वह मुंबई में कमाता है। दूसरे बच्चे व पत्नी को वह साथ रखना चाहता है। फैमली कोर्ट के अपर मुख्य न्यायाधीश कृष्ण कुमार ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद महिला के गुजारे का दावा खारिज कर दिया, जबकि महिला के छोटे पुत्र को दावा दाखिल होने से फैसले तक प्रति माह डेढ़ हजार रुपये, इसके बाद दो हजार रुपये प्रतिमाह की राशि देने का आदेश दिया। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि पति-पत्नी में विवाद का कारण पहले पति से जन्म बच्चे को ढाई बीघा जमीन न लिखा जाना है। पति द्वारा इस मांग को पूरा न करने पर ही महिला स्वेच्छा से अपने मायके गई। इस लिए गुजारे भत्ते का दावा स्वीकार योग्य नहीं है। (संवाद)