बाराबंकी। पॉवर कॉर्पोरेशन द्वारा बकाया राजस्व वसूली के साथ उपभोक्ताओं को छूट का लाभ देने के लिए शुरू की गई एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ी दिखने लगी है। सर्वर फाल्ट के कारण कनेक्टिविटी न मिल पाने तो कहीं अफसरों के शिविर से नदारद रहने के कारण योजना का लाभ पाने के लिए शिविर में पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी उठाकर वापस लौटना पड़ रहा है।
जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण कई स्थानों पर घोषणा के बाद भी शिविर आयोजित न किए जाने के कारण भी उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को राहत देना और बकाया वसूली को बढ़ावा देना था लेकिन अधिकारियों की लापरवाही और तकनीकी दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को राहत कम परेशानी ज्यादा मिल रही है।
ऐसे उपभोक्ता जिन्होंने 2023 में ओटीएस योजना के तहत पंजीकरण कराया था लेकिन किसी कारण समय पर बिल जमा नहीं कर पाए, उन्हें डिफॉल्टर मानकर दोबारा पंजीकरण से वंचित किया जा रहा है। इस कारण वे निराश होकर वापस लौट रहे हैं।
कोटवाधाम बिजली केंद्र पर योजना के तहत पंजीकरण और बिल जमा करने के लिए काउंटर बनाए जाने का आदेश था, लेकिन हकीकत में कोई व्यवस्था नहीं की गई। इससे बकाया भुगतान जमा कर छूट का फायदा उठाने के लिए पहुंचने वाले उपभोक्ताओं को निराश वापस लौटना पड़ रहा है।
सतरिख क्षेत्र के मरखापुर ग्राम पंचायत में ओटीएस के तहत कैंप लगाया गया है लेकिन नामित अधिकारी रवि वर्मा मौके पर नहीं पहुंचे। जैदपुर बिजली उपकेंद्र पर शिविर आयोजित ही नहीं हुआ और केवल बिल संशोधन का काम चलता रहा। सर्वर न चलने से योजना का लाभ पाने पहुंचने लोगों का पंजीकरण भी न होने से उन्हें वापस लौटना पड़ा।
सिरौलीगौसपुर उपकेंद्र में ओटीएस कैंप का आयोजन किया गया है लेकिन सर्वर की धीमी गति के चलते उपभोक्ताओं का पंजीकरण घंटों रुका रहा। रामनगर और फतेहपुर में भी यही समस्या रही। लंबा इंतजार करने के बाद भी कई उपभोक्ताओं का पंजीकरण नहीं हो सका।