हैदरगढ़। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा में लगे पुलिस व प्रशासनिक अमले की सांसें उस समय फूल गईं, जब उनका काफिला आने से ठीक पहले रेलवे क्रॉसिंग बंद हो गई। गनीमत रही राहुल का काफिला आने के पहले रेलवे गेट खुल गया।
मंगलवार को राहुल गांधी लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए दौलतपुर टोल से नीचे उतरे और अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली की ओर बढ़े। इसी बीच सतरही रेलवे क्रॉसिंग बंद हो गई। इससे पुलिस और प्रशासनिक अमला परेशान हो गया। काफिले में आगे चल रहे क्षेत्राधिकारी और उपजिलाधिकारी के वाहन क्रॉसिंग पार कर गए थे। गेट बंद होते ही पुलिस अफसर गाड़ी से उतरकर वापस भागे। हालांकि सांसद का वाहन पहुंचने तक खाली इंजन पास हो गया और क्रॉसिंग खुल गई। क्रॉसिंग बंद होने और खुलने में ज्यादा वक्त नहीं लगा लेकिन इस बीच अफसरों की धुकधुकी बढ़ी रही।
राहुल के स्वागत को उमड़े कांग्रेसी
रायबरेली मार्ग के नैनखेरा चौराहे पर कांग्रेस नेता श्रुति अवस्थी और आशुतोष अवस्थी ने स्वागत किया। सभासद सूरज दीक्षित, अलगू सिंह और माधवेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे। पूर्व प्रधान द्वारिका प्रसाद पांडेय, राम नरेश पाल, तबरेज और विनय सरोज ने भी फूलमालाएं भेंट कीं। चौराहे पर पहुंचा। यहां पार्टी जिलाध्यक्ष मोहम्मद मोहसीन और ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने स्वागत किया।