हुसैनाबाद पेट्रोल पंप के पास स्कार्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी
बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर बुधवार देर रात हुसैनाबाद पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में लाइन हाजिर सिपाही सहित लोनीकटरा थाने के पांच सिपाही घायल हो गए। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार लोनीकटरा थाना क्षेत्र में अभद्रता के आरोप में लाइन हाजिर किए गए सिपाही गौरव यादव (32) के साथ सिपाही ज्ञानेंद्र (35), जीत सिंह (29), देशराज और विकास स्कार्पियो से लखनऊ की ओर से लौट रहे थे। हुसैनाबाद पेट्रोल पंप के पास स्कार्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
हादसे में स्कार्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी त्रिवेदीगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद ज्ञानेंद्र और जीत सिंह को लखनऊ रेफर कर दिया गया। लोनीकटरा एसएचओ अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि सिपाही दबिश से लौट रहे थे। गौरव लाइन हाजिर होने के बाद थाने से सामान लेने आया था। उसे गाड़ी चलाने के लिए अन्य सिपाही साथ लेकर चले गए थे।