फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: आधी अधूरी तैयारियों के बीच खुले स्कूल, महमदपुर में निकला सांप

Wed, 17 Jun 2026 12:54 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद सोमवार को परिषदीय विद्यालय एक बार फिर खुले। बच्चों के आगमन पर शिक्षकों ने रोली-चंदन लगाकर उनका स्वागत किया लेकिन अधिकांश विद्यालयों में 15 जून तक सफाई का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। कई स्कूलों में तो बच्चे ही नहीं पहुंचे। सिरौलीगौसपुर के महमपुर प्राथमिक विद्यालय में तो सफाई के दौरान सांप निकल आया, जिससे अफरातफरी का माहौल रहा।
विज्ञापन

नगर पालिका परिषद क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पल्हरी में इंचार्ज प्रधानाध्यापक उर्मिला यादव ने बच्चों का रोली-चंदन लगाकर स्वागत किया। निंदूरा के प्राथमिक विद्यालय अनवारी में पहले दिन बीईओ अंबिका प्रसाद ने खुद स्कूल के मुख्य द्वार पर खड़े होकर बच्चों का टीका लगाया और फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
कोटवाधाम प्रतिनिधि के अनुसार सिरौलीगौसपुर ब्लॉक के मोहरिया प्राथमिक विद्यालय में सफाई कर्मचारी दोपहर तक विद्यालय की साफ-सफाई और भवन को पानी से धोने का काम करते दिखे। घुंघटेर प्रतिनिधि के अनुसार निंदूरा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय शरीफाबाद में सफाई कर्मी विद्यालय परिसर में लगी घास की सफाई करते दिखे। सफाई कर्मी सुशील ने बताया कि उनके पास दो विद्यालय हैं। उन्होंने एक की सफाई सोमवार को ही कर दी थी। 11:45 बजे यहां शिक्षामित्र सुमन मौजूद थीं। अन्य शिक्षिकाएं शशि तिवारी, ज्योति सिंह और शालिनी कोई काम बताकर कहीं गई थीं।
विज्ञापन

प्राथमिक विद्यालय सरवन में गंदगी दिखी। यहां शिक्षक-शिक्षिकाएं रहीं मगर लेकिन विद्यालय परिसर में साफ-सफाई नहीं की गई। एक अध्यापिका ने बताया कि सुबह सफाई कर्मी आया था और घास सूखने वाली दवा डालकर चला गया।
प्राथमिक विद्यालय मुरई में साफ-सफाई का कार्य बिल्कुल नहीं हुआ। विद्यालय के मुख्य द्वार पर गंदगी का अंबार लगा रहा। यहां तक कि गोबर भी नहीं हटाया गया। नौ बजे तक मात्र पांच बच्चे ही स्कूल पहुंचे थे। प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर में भी साफ-सफाई नहीं की गई। शिक्षक मौजूद रहे पर बच्चे नहीं आए।

190 में से सिर्फ 20 बच्चे आए, जलेबी लेकर लौटे
विकास खंड हरख के उच्च प्राथमिक विद्यालय बरायन में पंजीकृत 190 बच्चों में से सुबह शिक्षकों के काफी बुलाने पर 20 बच्चे ही पहुंचे। सुबह 11 बजे इन बच्चों को जलेबी बांटने के बाद घर भेज दिया गया। ग्राम पंचायत गुलरिहा के प्राथमिक विद्यालय में पंजीकृत 100 में 20 बच्चे ही उपस्थित थे। नेवली प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक और शिक्षामित्र मौजूद रहे लेकिन बच्चे नहीं थे।
........................
क्लास रूम में निकला सांप, मधुमक्खियों के आतंक से छुट्टी
सिरौलीगौसपुर। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय महमदपुर में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सफाई के दौरान बच्चों के कक्ष का ताला खोलते ही अंदर एक सांप कुंडली मारे बैठा दिखा। सांप को देख स्कूल आए बच्चे डरकर भाग खड़े हुए। बाद में शिक्षकों और सफाईकर्मी की मदद से सांप को परिसर से बाहर खदेड़ा गया।
प्रधानाध्यापक विजय सिंह ने बताया कि इसके अलावा रसोईघर में मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था, जिसे भगाने के प्रयास में मधुमक्खियां पूरे कैंपस में उड़ने लगीं। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए बच्चों को घर जाने के लिए कहा गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय मोहरिया में पहले दिन एक भी छात्र नहीं पहुंचा और केवल सफाई का काम चलता रहा। जबकि मुरई प्राथमिक विद्यालय के मुख्य गेट पर ही गंदगी का अंबार लगा मिला।

पहले दिन उपस्थिति रही शून्य
रामसनेहीघाट। विकास खंड बनीकोडर के प्राथमिक विद्यालय सड़वा भेलू में सुबह करीब 9:30 बजे तक मुख्य गेट का ताला नहीं खुला, जिससे अभिभावक नाराज दिखे। बीईओ संजय कुमार राय ने कहा कि देर से आने वाले शिक्षकों के बारे में जानकारी करेंगे। सुबेहा क्षेत्र के कमेला प्राथमिक विद्यालय में में 150 बच्चों का नामांकन है, लेकिन बच्चे नहीं आए। इंचार्ज प्रधानाध्यापक राजेश कुमार सरोज ने बताया कि वे अब अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं।
हैदरगढ़ के प्राथमिक विद्यालय रामपुर परिसर जंगली झाड़ियों से पटा मिला। यहां भी 105 नामांकन के सापेक्ष पहले दिन एक भी बच्चा नहीं आया। कपरियन पुरवा मसौली में भी 54 पंजीकृत बच्चों में से महज 14 छात्र ही उपस्थित मिले।
डोर टू डोर करेंगे संपर्क
खुलने से पहले विद्यालय परिसरों की सफाई के निर्देश दिए गए थे। फिर भी पहले दिन गंदगी पाए जाने व पठन-पाठन न होने के संबंध में जवाब-तलब किया जाएगा। बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए डोर-टू-डोर संपर्क के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन

नवीन कुमार पाठक, बीएसए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें