बाराबंकी। अपने सवालों से एएसपी के पसीने छुड़वाने वाली बहादुर छात्रा सोमवार से स्कूल जाएगी। छात्रा इस समय लखनऊ में अपनी बहन के घर गई है। इस बीच एएसपी शनिवार को छात्रा के घर पहुंचे और पिता को बुलाकर उनसे हाल चाल पूछा।
बीती 31 जुलाई को शहर के आनंद भवन स्कूल में आयोजित पुलिस के जागरूकता कार्यक्रम में अपने सवालों से एक छात्रा ने एएसपी उत्तरी आरएस गौतम की बोलती बंद कर दी थी। छात्रा के सवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया। इसके बाद छात्रा अगले दिन से स्कूल नहीं गई। हालांकि छात्रा के पिता ने बताया कि बेटी के स्कूल में परीक्षा होने के बाद अवकाश था जिसके चलते वह अपनी बहन के घर लखनऊ गई हुई है। पिता ने बताया कि उनके घर शुक्रवार को एएसपी आरएस गौतम आए थे और पूछ रहे थे कि परिवार को कोई समस्या तो नहीं तो हमने बताया कि कोई दिक्कत नहीं है। वहीं एसपी आकाश तोमर ने भी अपने आवास पर बुलाकर हालचाल लिया। पिता का कहना है कि बेटी सोमवार से नियमित स्कूल जाएगी।