अमर उजाला द्वारा लगातार खबर का प्रकाशन कर जिले में सरकारी जमीनों पर कब्जे के मामले उजागर गिए जा रहे है। इस बात को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने अवैध कब्जेदारों पर शिकंजा कसते हुए अवैध निर्माण गिरवाए है। डीएम के आदेश पर इसके लिए जिले भर में अभियान शुरू किया गया है।
तहसील नवाबगंज ब्लॉक बंकी के रेदुआ पल्हरी गांव में कई सालों से ग्राम समाज की जमीन पर बाहरी लोगों ने कब्जा कर रखा था, जिसकी शिकायत ग्रामीणों ने की थी। बुधवार को राजस्व की टीम ने विभागीय अधिकारियों सहित मौके पर पहुंचकर पक्की दीवार व मकान गिरा दिया।
राजस्व की टीम ने आदेश दिया है कि यहां पर ग्राम समाज की जमीन खाली की जाए इससे भू माफियाओं में हड़कंप मचा है। वहीं कोठी थाना क्षेत्र के सांसद आर्दश गॉव बुधनई में स्थित तालाब पाटकर खेती की जा रही थी। यहां पर भी राजस्व टीम ने गॉव के रामसुमिरन, रामहरख, रामहेत, बुधराम, खण्डारीलाल विद्याराम सहित एक दर्जन से अधिक लोगों कब्जा हटवाया है।
अतिक्रमण हटाओं अभियान के तहत राजस्व विभाग की टीम में शामिल कानूनगो प्रभूनाथ तिवारी, ज्ञानप्रकाश पाण्डेय, सुशील वर्मा, ज्वाला प्रसाद वर्मा, सर्वेश ने गॉव पहुॅचकर कब्जेदारों से तालाब की जमीन को खाली कराकर सीमांकन कराया है।
वहीं कोतवाली हैदरगढ़ क्षेत्र के पोखरा गांव में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा हटा कर खेत पर बोई गई ऊर्द व मेंथा की फसल जोत दी गई है। गांव में बंजर खाते की तीन बीघा भूमि पर अवैध कब्जा करके कई वर्ष से फसल बोई जा रही थी।त्रिवेदीगंज के बबुआपुर गांव दो बीघा गेहू की फसल को हटा कर खेत जोत कर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा समाप्त किया गया है।
एसडीएम पंकज कुमार ने कहा शासन के निर्देश पर अवैध कब्जो को चिन्हित कर कार्यवाई की जा रही है। इसी तरह सिरौलीगौसपुर इलाके में अवैध अतिक्रमण अभियान के अन्तर्गत उपजिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम बघौरा प्राइमरी पाठशाला की जमीन पर टीन शेड व छप्पर बाउंड्री बना कर अवैध कब्जा किया गया था।
उपजिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार शिवमूर्ति सिंह राजस्व टीम व पुलिस बल के साथ पहुंच कर इसे खाली कराया। भले ही जिला प्रशासन द्वारा अवैध कब्जा हटाने का अभियान शुरू किया गया हो लेकिन अभी तक रेठ नदी व तालाब आदि पर सरकारी जमीन कब्जा करने वालों पर नजर नहीं गई है।
कुर्सी, देवा, शहर क्षेत्र में काबिज इन भू माफियाओं पर प्रशासन कार्रवाई करने से कतरा क्यों रहा है इस बात की जिले में काफी चर्चा हो रही है।