रामनगर (बाराबंकी)। श्री लोधेश्वर महादेव की तीर्थ नगरी में सावन मेला लगने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 11 जुलाई से सजने वाले सावन मेला के आयोजन में अब आठ दिन बाकी बचे हैं। इसके बावजूद मेला क्षेत्र में बिजली, पानी व सफाई जैसी मूलभूत समस्याएं कायम बनी हैं। समय रहते तैयारियां पूरी न होने का खामियाजा सावन मेला में दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ेगा।
मंदिर में रंग-रोगन के साथ ही सफाई-व्यवस्था का काम चल रहा है। लेकिन मेला परिसर में गंदगी की भरमार है। बारिश शुरू होने से पहले नाला और इंटरलॉकिंग का निर्माण पूरा हो जाना चाहिए था, पर वह भी अभी अधूरा है। मंगलवार को एसडीएम विवेकशील यादव ने मेला परिसर का निरीक्षण कर अधूरी तैयारियों पर नाराजगी भी जताई थी। उन्होंने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को तीन दिन में नाला व इंटर लॉकिंग से जुड़ा निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया है।
मेला परिसर में झूलते लटकते बिजली के तारों से बरसात के दौरान खंभों में करंट उतरने का खतरा भी कायम बना है। हालांकि जिला प्रशासन की तरफ से बिजली विभाग के एसडीओ को विद्युत पोल में करंट न उतरे इसके लिए खंभों को प्लास्टिक कवर से सुरक्षित कराने का निर्देश भी दिया है। इसके साथ ही पार्किंग स्थलों के निर्माण, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रण के लिए रूट डायवर्जन, मेला कैंप कार्यालय, कंट्रोल रूम, साफ सफाई, प्रकाश, पेयजल व्यवस्था आदि से जुड़ा काम भी काफी धीमी रफ्तार से हो रहा है। बहोनिया तालाब, मंदिर के पश्चिम का तालाब, मेला बाग आदि स्थानों पर साफ सफाई न होने से गंदगी व्याप्त है।