प्राथमिक विद्यालय सरैंया में मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की उप निदेशक ने बच्चों संग किया भोजन। -
बाराबंकी। देवा ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय सरैंया में बृहस्पतिवार को मध्याह्न भोजन प्राधिकरण लखनऊ की टीम ने प्रोटोकॉल तोड़कर बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मिड-डे मील का स्वाद चखा और उसकी गुणवत्ता परखी। निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक अमिता सिंह और मंडलीय समन्वयक निधि शर्मा मौजूद रहीं।
टीम ने रसोइयों से संवाद कर भोजन निर्माण प्रक्रिया, स्वच्छता और चुनौतियों पर चर्चा की तथा उनकी भूमिका की सराहना करते हुए योजना को अधिक पारदर्शी व पौष्टिक बनाने के निर्देश दिए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अंबिका प्रसाद ओझा, जिला समन्वयक डॉ. पीयूष श्रीवास्तव और प्रधानाध्यापक अंजना मिश्रा उपस्थित रहे। अधिकारियों के इस अनूठे अंदाज से बच्चों और शिक्षकों में खासा उत्साह दिखा।