कोटवाधाम (बाराबंकी)। सरयू नदी में पानी घटने से सोमवार को कटान कम होने से लोगों को राहत मिली। हालांकि नदी का जल स्तर चेतावनी स्तर अभी भी चेतावनी बिंदु 105.070 मीटर से ऊपर 105.109 मीटर पर है। तीन दिन पहले जल स्तर 105.550 मीटर तक पहुंच गया था। इससे तटवर्ती गांवों में कटान होने से लोग परेशान थे। सैकड़ों बीघा खेती लायक जमीन नदी में कट चुकी है। हालांकि बारिश होने के कारण नदी में पानी फिर बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
सिरौलीगौसपुर तहसील के टेपरा, सनावा व कहरान पुरवा के रहने वाले राज कुमार, सुनील, दीपू व मनीष आदि ने बताया कि कई दिन बाद सोमवार को कटान थमने से राहत महसूस हुई है। इसी तरह रामनगर क्षेत्र के तपेसिपाह, सिसौंडा, कुशौरा, करमुल्लापुर, हेतमापुर के निकट केदारीपुर व बेलहरी, रामसनेहीघाट के कोठरी गौरिया में भी कटान में कमी आई है। बाढ़ कार्य खंड के अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह ने बताया कि जल स्तर घटने के साथ ही कटान भी कहीं नहीं हो रही। फिर भी जल स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। (संवाद)