कोटवाधाम/बाराबंकी। सरयू नदी का जलस्तर तेजी से घटकर लाल निशान से काफी नीचे पहुंच गया है, लेकिन कटान जारी है। बीते एक सप्ताह से सिरौलीगौसपुर तहसील क्षेत्र में रोजाना करीब 20 बीघे से अधिक उपजाऊ जमीन नदी में समा रही है। रामनगर के हेतमापुर में सरयू करीब 30 मकानों, दूरभाष केंद्र और मंदिर को काटने के बाद गांव से सटकर बह रही है।
सिरौलीगौसपुर के बबुरी गांव को पूरी तरह अपनी चपेट में लेने के बाद अब नदी की धारा घुटरू गांव की सीमा की ओर बढ़ रही है। ग्रामीण रामधन यादव, सनेही, कृपाल, छोटेलाल और मिश्रीलाल ने बताया कि कुड़वा गांव के सामने भी सरयू कटान कर रही है। यहां गन्ने की फसल लगे खेत नदी की जद में हैं। कई किसानों की जमीन और खड़ी फसल कटान से प्रभावित हो रही है। किसानों का कहना है कि जलस्तर घटने के बावजूद कटान नहीं रुक रही है, जिससे उनकी जमीन और फसल दोनों खतरे में हैं।
हेतमापुर में ईदगाह करीब 95 प्रतिशत नदी में समा चुकी है, जबकि मस्जिद नदी के किनारे लटकी हुई है। पड़ोसी बाबा का पुरवा गांव में नदी में तीन मकान समा चुके हैं। कटान के खतरे को देखते हुए ग्रामीणों ने तीन अन्य मकान तोड़ दिए हैं। गांव के बनवारी ने बताया कि सरयू ने अपनी धारा बदल ली है और कटान अब भी जारी है।
बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता शशिकांत सिंह ने बताया कि नदी का बहाव थम रहा है। पानी कम होने से अब कटान भी रुक जाएगी। क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है।