अपने जमानेे की मशहूर अदाकारा सलमा आगा अपनी अभिनेत्री पुत्री सासा आगा के साथ शनिवार शाम देवा में थी। अभिनेत्री सलमा आगा व उनकी अभिनेत्री बेटी के आने की खबर लगते ही उनके प्रशंसकों की भीड़ जुट गई।
उनको पास से देखने, फोटो खिंचवाने व इस लम्हे को मोबाइल में कैद करने की लोगों में होड़ सी लगी रही। भारी भीड़ के बीच सलमा आगा ने मजार शरीफ पर चादर चढ़ाकर अभिनेत्री बेटी के सफल फिल्मी कैरियर की दुआ मांगी। इससे पहले उन्होंने बाबा खाकी शाह की आवास पर आयोजित कव्वाली व चादर समर्पण में हिस्सा लिया।
अमर उजाला से संक्षिप्त बातचीत में सलमा आगा ने बताया कि वह बेटी सासा आगा के फिल्मी कैरियर में उज्ज्वल भविष्य की दुआ मांगने आयी हैं। यहां के बारे में सुना है कि जो बाबा के दरबार में आया है वह खाली हाथ नहीं गया है। पूरा विश्वास है कि दुआ कबूल होगी और दोबारा फिर आऊंगी। सासा आगा ने बताया कि दो फिल्में औरंगजेब व देशी कट्टा रिलीज हो चुकी है। अपनी फिल्मी कैरियर की सफलता के लिए दुआ मांगने आई हूं।