बाराबंकी। संपूर्ण समाधान दिवस से बिना सूचना के गायब रहने वाले तीन अधिकारियों का वेतन रोकते हुए डीएम ने जवाब मांगा है। डीएम शशांक त्रिपाठी शनिवार को तहसील नवाबगंज में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायतें सुन कर निस्तारित करवा रहे थे।
समाधान दिवस में सहायक निबंधक कोऑपरेटिव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी और जिला उद्यान अधिकारी मौजूद नहीं थे। इससे नाराज जिलाधिकारी ने तीनों अधिकारियों का वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया है। इस दौरान हरख ब्लॉक के सोहिलपुर की रेखा ने बताया उनका राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है। डीएम के निर्देश पर डीएसओ ने 15 मिनट के अंदर रेखा को राशन कार्ड उपलब्ध करवा दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी रास्तों, चकमार्गों, सरकारी भूमियों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। इस दौरान जिले की सभी तहसीलों में 222 शिकायतें आईं। जिसमें से मौके पर 33 का निस्तारण कराया गया। इस अवसर पर एसपी अर्पित विजय वर्गीय, सीएमओ डॉ. अवधेश यादव, एसडीएम आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार भूपेन्द्र विक्रम सिंह आदि मौजूद रहे।