बाराबंकी। श्रीरामजन्मभूमि अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पंथों, आश्रमों के महंतों से लेकर पूर्व मंत्री को निमंत्रण पहुंचा तो वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। साथ ही इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए अयोध्या जाने की तैयारियों में जुट गए हैं।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री राजेश, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख विमल, विभाग संगठन मंत्री इंद्रेश व जिला मंत्री राहुल कुमार वर्मा ने मंगलवार को शहर स्थित पतंजलि योग आश्रम के संत स्वामी चेतनानंद महाराज को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का आमंत्रण पत्र दिया और संत से 20 जनवरी को ही अयोध्या पधारने के लिए आग्रह किया।
मसौली प्रखंड के मुंजापुर स्थित कबीर मठ के प्रसिद्ध संत पूज्य निष्ठा साहब के प्रतिनिधि प्रभात दास को विहिप के विभाग संगठन मंत्री इंद्रेश, जिला मंत्री राहुल कुमार, विहिप संरक्षक रामनाथ मौर्य ने आमंत्रण पत्र सौंपा। छत्तीसगढ़ गए निष्ठा साहब ने निमंत्रण के लिए आभार जताया और इस गौरवशाली पल का साक्षी बनने की ख्वाहिश पूरी होने पर गर्व महसूूस किया। इस अवसर पर संघ के सह कार्यवाह सतीश सोनी, रामदीन साहब, राहुल, मनीष, अमन आदि मौजूद रहे।
वहीं, पूर्व मंत्री संग्राम सिंह को उनके लखनऊ के न्यू हैदराबाद स्थित आवास पर निमंत्रण पत्र सौंपा गया। पूर्व मंत्री की भगवान राम के प्रति आस्था का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 51 लाख रुपये का चंदा दिया था। वहीं कैलाश आश्रम के महंत स्वामी प्रणवानंद महाराज और कोठारी मार्कंडेय संन्यास आश्रम ओंकारेश्वर के महंत कोठारी रमण चेतन महाराज को भी निमंत्रण दिया गया है।