सूरतगंज (बाराबंकी)। डीएम सत्येंद्र कुमार व एसपी दिनेश कुमार ने शनिवार को रामनगर तहसील में सरयू नदी की बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्र का जायजा लेने पहुंचे। बाढ़ से बचाव की तैयारियों की समीक्षा के दौरान पहुंचे नाविकों ने बताया कि उन्हें पिछले साल आई बाढ़ के दौरान किए गए कार्य का पैसा अभी तक नहीं मिला है। डीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को बाढ़ राहत केंद्र के निर्माण में तेजी लाने और आवास देने के लिए जमीनों का चिह्नित करने का निर्देश दिया।
हेतमापुर तटबंध पर पहुंचे डीएम व एसपी से ग्रामीणों ने कहा कि पिछले साल एक पुलिया व नौ सौ तथा चार सौ मीटर दो सड़कें बह गई थी। इनको बरसात से पहले बना दिया जाय तो आवागमन बाधित नहीं होगा। इस मौके पर बाढ़ में नाव खेने वाले 42 लोगों ने पिछले साल आई बाढ़ के दौरान किए गए कार्य का पैसा अभी तक न मिलने की बात डीएम को बताई। डीएम ने तहसीलदार महिमा मिश्रा को निर्देश दिया कि नाविकों की बकाया राशि का भुगतान शीघ्र उनके खाते में भेजा जाए। डीएम-एसपी बांध से होते हुए आखिरी गांव भिटौली व कुसौरा गांव तक गए, यहां नदी किनारे बन रहे स्परों का भी निरीक्षण किया।