बाराबंकी। आरएसएस के प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि शक्ति के बिना शांति और सुरक्षा की कल्पना नहीं की जा सकती। यह शक्ति लोकतंत्र और मजबूत संगठन के बिना असंभव है। हिंदू समाज की एकजुटता की कमी के चलते ही भारत को लगभग एक हजार वर्ष तक पराधीन रहना पड़ा। शुक्रवार को शहर के जीआइसी ऑडिटोरियम में सामाजिक समरसता एवं पथ संचलन कार्यक्रम में दौरान उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और डॉ. आंबेडकर भी आरएसएस की शाखा को देख चुके हैं। इसके बाद आरएसएस के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में शहर की सड़कों पर पथ संचलन किया। शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम से शुरू हुआ पथ संचलन नाका चैराहा, धनोखर चौराहा, निबलेट तिराहा, छाया चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा, पटेल तिराहा होते हुए फिर ऑडिटोरियम पहुंचकर संपन्न हुआ। कई जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत भी किया गया। जीआईसी ऑडिटोरियम में कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आंबेडकर के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन से हुई। इस मौके पर जिला प्रचारक अभिषेक, जिला संघ चालक डॉ. आरएस गुप्ता, जिला कार्यवाह सुधीर, अनुपम, पारितोष ,शैलेंद्र, मनीष परिहार आदि मौजूद रहे। संवाद