बाराबंकी। ग्रामीणों को रोजगार और निवेश पर अधिक ब्याज देने का झांसा देकर करीब 200 लोगों से 90 लाख रुपये जमा कराने के आरोप में हरियाणा की उज्ज्वल धन निधि लिमिटेड कंपनी के प्रबंध निदेशक और तीन निदेशकों समेत पांच लोगों के खिलाफ बड्डूपुर थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुर के बेहड़ा मिठवारा गांव निवासी उमाकांत वर्मा ने अदालत में अर्जी देकर बताया कि अप्रैल 2023 में कंपनी के प्रतिनिधि बड्डूपुर के डफरपुर चौराहे पर पहुंचे थे। उन्होंने ग्रामीण बेरोजगारों को रोजगार देने और कंपनी को भारत सरकार की ओर से संचालित बताते हुए कई प्रमाणपत्र और राजपत्र दिखाए थे।
करीब 10 दिन बाद हुई बैठक में क्षेत्र के लोगों को एक से पांच साल तक निवेश करने पर अधिक ब्याज देने का लालच दिया गया। आरोप है कि उमाकांत के सहयोगी अरुण कुमार गुप्ता के नाम से ग्राहक सेवा केंद्र संचालित कराकर लोगों से रुपये जमा कराए गए। करीब 200 लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई के 90 लाख रुपये कंपनी से जुड़े एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक के पानीपत स्थित कॉर्पोरेट खातों में जमा किए।
उमाकांत के मुताबिक, अप्रैल 2025 तक कंपनी कुछ खाताधारकों को थोड़ा-थोड़ा भुगतान कर विश्वास बनाए रही, लेकिन मई 2025 से भुगतान बंद कर दिया गया। रुपये मांगने पर कंपनी के अधिकारियों पर गालीगलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। कंपनी की ओर से दिए गए चेक भी बाउंस हो गए।
पीड़ित ने पुलिस और एसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत की शरण ली। एसपी रवीना त्यागी ने बताया कि उज्ज्वल धन निधि लिमिटेड कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश चौधरी और निदेशक अश्वनी कुमार, दीपक कदियान व अनिल दत्त समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
..................................
कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय से दिल्ली में पंजीकृत है कंपनी
इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उज्ज्वल धन निधि लिमिटेड 23 मई 2020 को स्थापित कंपनी है। यह कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय के तहत पंजीकृत सार्वजनिक कंपनी है और इसका पंजीकरण आरओसी दिल्ली में है। कंपनी का पंजीकृत कार्यालय हरियाणा के पानीपत में जाटोल रोड स्थित जनता गैस एजेंसी के सामने शॉप नंबर 12 में है। कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, यह सेविंग्स अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट, डेली डिपॉजिट और रिकरिंग डिपॉजिट जैसी जमा योजनाएं संचालित करती है। इसके अलावा ग्रुप लोन, होम लोन, पर्सनल लोन, गोल्ड लोन और प्रॉपर्टी लोन जैसी वित्तीय सेवाएं भी देती है।
.....................................
हरियाण जाएगी पुलिस टीम
बड्डूपुर के एसएचओ मनाेज सोनकर ने बताया कि डफरपुर में संचालित सेंटर की जांच करने पुलिस गई है। कंपनी के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम हरियाणा जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन लोगों के साथ ठगी की बात कही जा रही है पुलिस सबके बयान दर्ज करेगी।