बाराबंकी। विदेश में नौकरी दिलाने और वीजा बनवाने के नाम पर दो युवकों से 3.97 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने दो बार फर्जी हवाई टिकट दिए और टूरिस्ट वीजा थमा दिया। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर धोखाधड़ी का पता चला, जिसके बाद युवकों को वापस लौटना पड़ा। पुलिस ने एक ही परिवार के पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला बड़ा निवासी मोहम्मद वैश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि फतेहपुर जिले के बिहुरी गांव निवासी सद्दाम हुसैन और उसकी पत्नी ने इफितखार हुसैन व अली अहमद को विदेश में नौकरी दिलाने और वीजा बनवाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में तीन बार में कुल 3.97 लाख रुपये लिए गए।
शिकायतकर्ता के माध्यम से ही आरोपियों को रकम दी गई थी। आरोप है कि आरोपियों ने दो बार हवाई टिकट दिए, लेकिन वीजा नहीं मिला। बाद में दोनों युवकों को टूरिस्ट वीजा थमा दिया गया। इसकी हकीकत तब सामने आई, जब वे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से उन्हें वापस लौटना पड़ा।
कुछ दिन पहले मोहम्मद वैश और इफितखार हुसैन रुपये मांगने सद्दाम के घर पहुंचे तो वहां मौजूद परिजनों ने उनके साथ गाली-गलौज की। साथ ही एक महीने में रकम लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन रुपये वापस नहीं किए।
सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि सद्दाम हुसैन, उसकी पत्नी, दो भाइयों और पिता अख्तर हुसैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।