बाराबंकी। मनरेगा के सामग्री मद में भुगतान के लिए करीब 16 करोड़ रुपये की राशि शनिवार को शासन की तरफ से मुहैया कराई गई थी। इस दौरान ब्लॉकों से ताबड़तोड़ एफटीओ लगाए गए, जिनका पूरा भुगतान हुआ। अधिकांश ब्लॉकों ने आरक्षित की गई धनराशि के आधार पर ज्यादातर लंबित भुगतान कराएं।
पूर्व में मनरेगा से भुगतान के लिए करीब 27 करोड़ रुपये भुगतान के लिए उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन इसमें से करीब 11 करोड़ रुपये का भुगतान हो पाया था। शेष 16.22 करोड़ रुपये की धनराशि का भुगतान कराने को शनिवार शाम चार बजे स्लॉट दिया गया था। इसको लेकर सुबह से ही ब्लॉकों पर तैयारियां चल रही थीं। सिद्धौर में आवंटित 4.30 करोड़ रुपये के सापेक्ष 4.20 करोड़ रुपये का भुगतान हो गया है। इसमें डेढ़ करोड़ रुपये का भुगतान बृहस्पतिवार को हुआ था। देवा में आवंटित 1.80 करोड़ रुपये का पूरा भुगतान हो गया है। हरख में 1.54 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है। बनीकोडर में आवंटित पूर्ण धनराशि 1.60 करोड़ रुपये, सिरौलीगौसपुर में दो करोड़ रुपये, निंदूरा में 90 लाख, सूरतगंज में 2.70 करोड़, रामनगर में एक करोड़, त्रिवेदीगंज में 2.20 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ है।