रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। रामसनेहीघाट तहसील परिसर में एक विवादित स्थल को लेकर हुए विवाद के बाद मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ अफसरों ने पहुंचकर पैदल मार्च किया। वहीं एहतियात के तौर पर कस्बे में पुलिस बल तैनात है। जबकि इस मामले में फरार नामजद व अज्ञात लोगों के बारे में भी पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही दूसरे पक्ष की तरफ से एक प्रतिनिधि मंडल ने प्रशासनिक अफसरों से भेंटकर किसी निर्दोष का उत्पीड़न न करने की मांग की है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश जमीयतुलमा के जनरल सेक्रेटरी अब्दुल कुद्दूस हादी ने तहसील मुख्यालय का दौरा करके शुक्रवार को फर्जी अफवाह फैलाकर पुलिस टीम पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि शुक्रवार की शाम कुछ अराजक तत्वों ने अफवाह फैलाकर पुलिस टीम पर हमला करके पथराव किया था जो कि सरासर गलत है। अगर किसी को कोई दिक्कत है तो अधिकारियों के पास बैठकर वार्ता करनी चाहिए। उन्होंने दोनों पक्षों से अमन चैन बनाए रखने की अपील की।
इससे पूर्व प्रतिनिधियों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिव्यांशु पटेल और सीओ पंकज सिंह के साथ वार्ता की। अफसरों ने उन्हें बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के लोगों को आश्वस्त किया कि किसी को भी बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। जो लोग भी निर्दोष हैं वह अपने घरों को लौट कर अपना व्यवसाय करें। तहसील व प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है। प्रतिनिधिमंडल में जनरल सेक्रेटरी के साथ मौलाना गुफरान कासमी व इस्लाम कासमी शामिल रहे।