जहांगीराबाद (बाराबंकी)। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के दतौली गांव में लूट-चोरी के इरादे से पहुंचे शातिर बदमाश ग्रामीणों के जागने पर भाग खड़े हुए। बदमाशों के पास देशी बम थे। भागते वक्त दो बदमाश सड़क पर गिरे तो दबाव पड़ने पर इन बमों में विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर दोनों बदमाशों के हाथ उड़ गए। गंभीर हालत में दोनों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात दतौली गांव में बदमाशों का गिरोह चोरी व लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचा था। देर रात करीब एक बजे तीन बदमाश गांव के ही जफरुल हसन के मकान पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान लघुशंका के लिए उठे पास के ही मदरसे के हाफिज तौसीफ रजा की नजर बदमाशों पर पड़ी तो उन्होंने जफरुल हसन के मोबाइल पर कॉल कर उन्हें जगाया। इससे जफरुल की नींद भी खुल गई।
कुछ ही देर में जफरुल और तौसीफ रजा चिल्लाने लगे तो बदमाश संकरी गली से गांव के बाहर की ओर भागे। तब तक करीब दो दर्जन ग्रामीण बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। इसी दौरान अचानक तेज धमाके से पूरा गांव दहल गया। तुरंत पुलिस को सूचना दे दी गई। कुछ देर बाद ग्रामीण जब आगे बढ़े तो जफरुल के मकान से करीब 100 मीटर की दूूरी पर एक बदमाश व 400 मीटर की दूूूरी पर दूसरा बदमाश गंभीर हालत में पड़ा मिला। इन बदमाशों के हाथ के हिस्से कलाई समेत उड़ गए थे। मांस के चीथड़े व बम के अवशेष दूर तक बिखरे पड़े थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां से गंभीर हालत में दोनों को केजीएमयू लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। एक की पहचान मसौली थाना क्षेत्र के नयागांव निवासी शिव कैलाश व दूसरे की पहचान सफदरगंज थाना क्षेत्र के बिरौली गांव निवासी कौशल के रुप में हुई। दोनों ने अपने तीसरे साथी नयागांव निवासी प्रमोद के मौके से फरार हो जाने की बात बताई है।
मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी अवशेषों के नमूने लिए। सीओ सिटी नवीन सिंह ने बताया कि शिव कैलाश पर करीब नौ मुकदमे दर्ज हैं। दोनों शातिर बदमाश हैं। इस घटना को लेकर तीन बदमाशों पर तौसीफ रजा की ओर से विस्फोटक अधिनियम व खुशीराम की ओर से चोरी का केेस दर्ज किया गया है।
देशी बम से लैस बदमाश हादसे का शिकार होने से पहले गांव के ही एक मकान में चोरी कर चुके थे। दतौली गांव के खुशीराम के मकान की दीवार के पास खड़े रिक्शे पर चढ़कर घर के अंदर पहुंचे थे और बक्सा उठा ले गए थे। बक्से से करीब 1200 रुपये व कुछ जेवर चोरी करने के बाद बदमाशों ने बक्सा गांव के एक तालाब के पास फेंक दिया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
विस्फोट में घायल हुए बदमाशों में कौशल के जहां दोनों हाथ कलाई समेत उड़ गए हैं, वहीं शिव कैलाश का एक हाथ गायब हो गया। शिव कैलाश का एक हाथ पांच साल पहले देशी बम बनाने के दौरान ही खराब हो चुका था। इस घटना में उसका दूसरा हाथ भी उड़ गया। विस्फोट इतना भीषण था कि मांस के चिथड़े दूर तक फैल गए। सुबह कुछ हिस्सा तो कुत्ते खा गए जबकि बाकी को फोरेंसिक टीम ने नमूने के रुप में संग्रहित कर लिया।
बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के दतौली गांव में विस्फोट में हाथ गवाने वाला बदमाश कौशल। स?- फोटो : BARABANKI