बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर मार्ग पर मोधुपुर गांव के पास पलटी परिवहन निगम की बस।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ से सुल्तानपुर को जा रही परिवहन निगम की बस देर रात आगे जा रहे वाहन को ओवर टेक करने में अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल कर मार्ग से जा रहे अन्य वाहनों को रोक कर गंतव्य को रवाना किया गया है।
सुल्तानपुर निवासी परिचालक के चोटिल होने पर पुलिस ने उसका इलाज सीएचसी पर करा कर घटना की सूचना दर्ज कर ली है। बुधवार की रात को करीब डेढ़ बजे लखनऊ से सुल्तानपुर जा रही सुल्तानपुर डिपो की बस आगे जा रहे वाहन को ओवर टेक करने में मोधूपुर गांव के समीप अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई।
बस के परिचालक सुल्तानपुर निवासी अजीत ने बताया बस में कुल पचास सवारी थी तथा अनिल सिंह बस को ड्राइव कर रहे थे। बस में सवार कई सवारियों को मामूली चोटें आई थी लेकिन किसी ने स्थानीय चिकित्सालय में इलाज नहीं कराया है।
बस परिचालक के अनुसार सभी सवारियों को पुलिस की सहायता से मार्ग पर जा रहे वाहनों को रोक कर उनके गंतव्य को रवाना कर दिया गया है। थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया परिचालक का घायल अवस्था में सीएचसी पर इलाज करा कर घटना की सूचना दर्ज की गई है।