बाराबंकी। मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस कार्य में लगाए गए सभी बीएलओ का डाटा पोर्टल पर फीड करने का काम चल रहा है। इस दौरान अब तक करीब आठ सौ बीएलओ का डेटा पोर्टल पर फीड हो चुका है। बाकी की फीडिंग का काम अंतिम दौर में है। 19 अगस्त से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का काम शुरू करेंगे।
जिले में चिह्नित 1434 मतदान केंद्रों पर करीब 1500 बीएलओ को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगाया जाएगा। इनमें जहां पर तीन हजार से अधिक मतदाता है वहां पर दो-दो बीएलओ को तैनात किया जाएगा। जिले में सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की तैनाती की प्रक्रिया पूरी करते हुए इनका डाटा पोर्टल पर अपलोड करने का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। 19 अगस्त से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण का कार्य शुरू करेंगे। इस दौरान 19 वर्ष की आयु पूरी कर चुके मतदाताओं का नाम प्राथमिकता के आधार पर मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही मृतकों के नाम हटाने तथा नाम संशोधन का कार्य भी होगा। उपजिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुनरीक्षण से जुड़ी सभी तैयारियों को 18 तक पूरा करा लिया जाएगा।
मतदाता सूची को लेकर बीएलओ का प्रशिक्षण
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची के पुनरीक्षण में लगाए गए बीएलओ का प्रशिक्षण बुधवार को तहसील सभागार में हुआ। इस दौरान एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने सूची में मतदाताओं के नाम जोड़ने व काटने के बारे में बीएलओ को जानकारी दी। बताया कि किस काम के लिए कौन सा फार्म प्रयोग करना है।
ड्यूटी से नाम हटाने को लेकर सौंपा ज्ञापन
सिरौलीगौसपुर। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह की अगवाई में शिक्षकों ने अपनी मांगाें का एक ज्ञापन तहसीलदार बालेंदु भूषण वर्मा को सौंपा। इसमें मांग की गई कि शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त किया जाए। न्यायालय के आदेशानुसार शिक्षकों से गैर शैक्षणिक कार्य न लिया जा सकता है। उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए विभिन्न विकल्पों पर विचार करने की बात भी कही। (संवाद)