बाराबंकी। जिले में औद्योगिक निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से डीएम शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु, जिला श्रम बंधु एवं वाणिज्य बंधु समितियों की संयुक्त बैठक हुई। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि उद्यमियों व व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए, ताकि जिले में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस की भावना के अनुरूप अनुकूल माहौल तैयार हो।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल सहित विभिन्न माध्यमों से मिले आवेदनों की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। औद्योगिक निवेश से रोजगार के अवसर सृजित होते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट तेजस के, आईआईए अध्यक्ष विधु गुप्ता, कोषाध्यक्ष अभिषेक पाठक, राष्ट्रीय सचिव प्रमित सिंह, डिविजनल चेयरमैन डॉ. कैप्टन राजेश तिवारी, अनुराग अग्रवाल, प्रदीप जैन आदि मौजूद रहे।
डीएम ने की औद्योगिक प्रगति की समीक्षा
यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में फायर स्टेशन व अनावासीय भवन निर्माण, दुकानदारों के स्थानांतरण, नाली व अवशेष सड़कों का निर्माण, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, मुख्य प्रवेश द्वार व प्रशासनिक भवन के बिजली एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। इसके साथ ही औद्योगिक क्षेत्र माती में सड़क निर्माण एवं जल निकासी व नाला निर्माण से संबंधित प्रकरणों पर चर्चा की।
शहर व्यवस्था पर फोकस
वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में डीएम ने साप्ताहिक बाजारों की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बाजार केवल निर्धारित स्थलों पर ही संचालित हों। डीएम ने नगर पालिका व पावर कॉर्पोरेशन को निर्देश दिया कि शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गों पर लटकते बेतरतीब बिजली तारों तथा बीच सड़क में स्थित खंभों की पहचान कर उन्हें शीघ्र व्यवस्थित या स्थानांतरित किया जाए। डीएम ने ईओ व एसडीएम को संयुक्त अभियान चलाकर प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।