सीएचसी में बेहतर हुई व्यवस्थाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। सीएचसी पर प्रसव कक्ष की बिजली एक सप्ताह से खराब चल रही थी। इससे यहां आने वाली प्रसूताओं का परीक्षण मोबाइल अथवा टार्च की रोशनी में हो रहा था। इससे मरीजों को हो रही परेशानी को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद चेते जिम्मेदारों के कारण सीएचसी से जुड़ी व्यवस्थाएं अब बेहतर होने लगी हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से बुधवार को प्रसव कक्ष की बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई। इसके साथ ही परिसर में पंखे और कूलर भी लगा दिए गए हैं। इससे उमस भरी गर्मी से मरीजों को काफी राहत मिली है।
बीते सोमवार की रात प्रसव पीड़ा होने पर निष्ठापुरवा गांव निवासी आकाश पत्नी को लेकर सीएचसी पहुंचे थे। प्रसव कक्ष में बिजली गुल होने के कारण ड्यूटी पर तैनात एएनएम को मोबाइल टार्च की रोशनी में प्रसव कराना पड़ा था। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में इस परेशानी को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद सीएचसी अधीक्षक ने आनन-फानन में प्रसव कक्ष की बिजली सप्लाई की व्यवस्था को दुरुस्त कराते हुए मरीजों के लिए पंखे व कूलर भी लगवा दिया है। इससे सीएचसी पर इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिली है।