बाराबंकी। स्थानीय पुलिस लाइन परिसर में आयोजित परिवार परामर्श शिविर में शराब व मारपीट न करने के संकल्प से तीन रिश्ते टूटने से बचे। रविवार को तीन मामले ऐसे सुलझाए गए जिनमें विवाद का कारण शराब पीकर पत्नी से मारपीट करना था। काउंसलर और महिला थाने की इंस्पेक्टर रत्ना व उनकी सहयोगी उपनिरीक्षक शिवकांती पांडेय ने तीनों में सुलह कराई। बातचीत से प्रेरित होकर तीनों महिलाओं के पतियों ने शराब न पीने का संकल्प लिया और कहा कि अब वह पत्नी को पूरे सम्मान के साथ रखेंगे। शराब नहीं पियेंगे और न ही शराब पीने वालों से दोस्ती रखेंगे। इसमें दो मामलों में पति सीतापुर जिले के निवासी थे।
परिवार परामर्श शिविर के दौरान दो किशोरियां रोते हुए महिला थाने पहुंची और बताया कि शहर में बनवा मोहल्ले में घासीराम तालाब के निकट उनकी बहन रहती है। वह दोनों ईद मिलने बहन के घर गईं तो अंदर से दरवाजा बंद था। बहन की पिटाई जीजा कर रहे थे। आवाज लगाने पर भी नहीं माने। प्रभारी निरीक्षक रत्ना ने सिटी पुलिस चौकी प्रभारी को फोन कर तत्काल मदद की। पुलिस कर्मियों के साथ किशोरियां भी बहन के घर पहुंची।