रायबरेली। जिले के बछरावां रेलवे स्टेशन परिसर स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट में हुई आग लगने की घटना के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशनों पर संचालित खानपान समेत सभी प्रकार के स्टॉलों पर नियमित जांच के दौरान सुरक्षा मानकों और अग्निशमन उपकरणों की जांच भी कराई जाएगी। अगर कहीं कोई खामी मिलेगी तो उसे तुरंत ठीक कराया जाएगा। स्टेशन स्तर पर सभी इकाइयों के पर्यवेक्षक नजर रखेंगे। साथ ही मंडल स्तर के अधिकारी भी निरीक्षण के दौरान इस बारे में पड़ताल करेंगे।
बीते बृहस्पतिवार को बछरावां रेलवे स्टेशन परिसर में संचालित रेल कोच रेस्टोरेंट में आग लग गई थी। इससे काफी नुकसान हुआ था। आग लगने की घटना का कारण बिजली वायरिंग में शॉट सर्किट होना बताया गया था। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी थी। इस हादसे को मंडल स्तरीय अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। इसीलिए नियमित जांच के आदेश दिए गए हैं। रेलवे स्टेशनों पर कैंटीन व खानपान के स्टॉल साथ ही अन्य कई स्टॉल लगे होते हैं। वाणिज्य इकाई के लोग बराबर इन स्टाॅलों पर पड़ताल करते रहते हैं, लेकिन अब पड़ताल के दौरान सुरक्षा मानकों की जांच भी करनी होगी।
बछरावां में हुई घटना के बाद उसी दिन रायबरेली स्टेशन पर भी पड़ताल कराई गई थी। सब कुछ ठीक मिला था। वाणिज्य निरीक्षक डीडी शुक्ला का कहना है कि नियमित जांच के आदेश दिए गए हैं। इसलिए समय-समय पर वाणिज्यिक स्टाफ कोच रेस्टोरेंट, कैंटीन, स्टॉल का मुआयना करते रहेंगे।