घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय बालिका को गांव का युवक बहला फुसला कर अपने साथ ले गया और दुराचार का प्रयास किया। घटना की जानकारी होने पर बालिका के पिता ने इसकी शिकायत पुलिस से की। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुराचार के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर उसेे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बालिका की चिकित्सीय जांच के बाद नियमानुसार कार्यवाई की जाएगी।
शनिवार की शाम को लोनीकटरा थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय बालिका अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी समीप रहने वाले पिंटू वहां पहुंचा और खेलने के बहाने उसे अपने साथ लेकर चला गया। बालिका के पिता ने बताया कि करीब आधा घंटा बाद उसकी बेटी रोते हुए घर पहुंचकर अपने साथ हुई हरकत की जानकारी दी। जिसके बाद पिता ने इसकी शिकायत पुलिस से कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
जिस पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसको गांव के निकट से पकड़ लिया और बालिका को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है। थाना प्रभारी निरीक्षक जावेद इकबाल ने बताया कि घटना में जबरन दुराचार का प्रयास करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर अरोपी को गिरफ्त में लिया गया है। कहा चिकित्सीय परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।