सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। बदोसराय कोतवाली क्षेत्र में किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूस कर दुष्कर्म करने की घटना के मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स भी तैनात कर दी गई है।
बदोसराय क्षेत्र में सोमवार की सुबह 14 साल की किशोरी के साथ दूसरे समुदाय के युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया था। इस मामले में किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस घटना को लेकर गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए सोमवार शाम से ही गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। किशोरी का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने मंगलवार को दुष्कर्म के आरोपी वाजिद अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। ग्रामीणों ने इस घटना की जानकारी राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा को भी दी है। एसएचओ संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी को जेल भेजा गया है। पुलिस तेजी से कार्रवाई कर रही है। सुरक्षा के दृष्टिगत गांव में पुलिस फोर्स भी तैनात कर दिया गया है।