रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। तहसील परिसर स्थित अतिक्रमण को हटाए जाने के बाद शुक्रवार को जिलाधिकारी आदर्श सिंह व पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने मौके पर पहुंचकर शांति-व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं अफसरों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश भी दिए।
बीते सोमवार की शाम कस्बे में भारी पुलिस फोर्स तैनात करके तहसील परिसर स्थित अतिक्रमण को पुलिस व राजस्व प्रशासन द्वारा ढहाकर मलबा हटवा दिया गया था। इसके बाद से कस्बे में कई जगहों पर पुलिस तैनात की गई थी जो कि अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। इसी के साथ आम जनजीवन भी सामान्य होता जा रहा है। शनिवार की सुबह सुमेरगंज तथा भिटरिया में रोजमर्रा की आवश्यकता वाली चीजों की किराने सहित सभी दुकानें खुलीं।
जिस पर भारी संख्या में लोग खरीदारी करते नजर आए। कोरोना कर्फ्यू का पालन करने की अपील पर दुकानदारों ने 11 बजे के बाद अपने दुकानों के शटर गिरा दिये। क्षेत्र में कई जगहों पर होने वाली नमाज को देखते हुए शांति व्यवस्था के उद्देश्य जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने तहसील पहुंचकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिव्यांशु पटेल, पुलिस उपाधीक्षक पंकज सिंह स्थानीय कोतवाल सच्चिदानंद राय के साथ बैठक करके शांति व्यवस्था पर चर्चा की।
भड़काऊ बयान वाले पोस्ट डाले तो होगी कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा धार्मिक उन्माद पैदा करके भड़काऊ बयान देने वाली पोस्ट को डालने या शेयर करने वाले लोगों को चिन्हित करके उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। अब जो लोग अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर गलत तरह के पोस्ट डालेंगे तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।